खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस का हमला, श्यामल किशोर सिंह बोले- जनहित में जमीनी लड़ाई लड़ेंगे
Congress attacks the Mineral Amendment Bill; Shyamal Kishore Singh says they will wage a grassroots battle in the public interest.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने केन्द्र सरकार पर झारखण्ड के खनिज राजस्व पर नियंत्रण करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए खनिज एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 का विरोध किया। उन्होंने कहा कि विधेयक को बिना पर्याप्त बहस के पारित किया जाना उचित नहीं है और इससे झारखंड के हित प्रभावित हो सकते हैं। श्यामल किशोर सिंह ने कहा कि झारखण्ड सरकार को खनिज संसाधनों से करीब 14 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र छसरकार की नजर इस राजस्व पर है और वह इस पर सीधे नियंत्रण करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसी राजस्व के माध्यम से पेयजल, सड़क, शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य संचालित करती है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के राजस्व पर केन्द्र का नियंत्रण बढ़ता है तो विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इससे झारखण्ड के सर्वांगीण विकास की गति बाधित होने की आशंका है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को केवल मीडिया और प्रेसवार्ता तक सीमित नहीं रखेगी। जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस जमीनी स्तर पर संघर्ष करेगी और आम लोगों के बीच जाकर केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएगी। प्रेसवार्ता के दौरान श्यामल किशोर सिंह ने राम मंदिर के लिए जुटाए गये चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को सजा देने के बजाय भाजपा की मोदी सरकार मामले की लीपापोती में लगी हुई है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बढ़ती महंगाई और चीनी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भी संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े आर्थिक मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार सरकार के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शाहीन परवेज, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बेलाल शेख, प्रमोद ढोकानिया, कृष्णा यादव और रामविलास महतो समेत अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



