बेतुल

बैतूल शिकायत के बावजूद यात्री प्रतीक्षालय से नहीं हटा अतिक्रमण

महीनों पहले एसडीएम को दिया आवेदन, स्थिति जस की तस; अब कलेक्टर से शिकायत 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। आमला तहसील के ग्राम बम्हनी पंखा में मुलताई-बोरदेही मुख्य मार्ग पर स्थित शासकीय यात्री प्रतीक्षालय से अतिक्रमण महीनों बाद भी नहीं हटाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतीक्षालय पर दुकानों के संचालन की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी आमला से की गई थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं आने और मामले को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने 2 सितंबर को कलेक्टर बैतूल से फिर शिकायत की।
ग्रामीणों के अनुसार, सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय के हिस्से में अवैध रूप से दुकानें संचालित की जा रही हैं। इससे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिलती। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रतीक्षालय परिसर में सुबह से शाम तक शराबखोरी और अभद्र भाषा के प्रयोग की स्थिति भी बनी रहती है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों को असहजता का सामना करना पड़ता है।
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर प्रतीक्षालय का मौके पर निरीक्षण कराया जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार उसे हटाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय राशि से बनाई गई सार्वजनिक सुविधा का मूल उद्देश्य यात्रियों को सुविधा देना है। इसलिए प्रतीक्षालय को अतिक्रमण से मुक्त कर यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button