पाकुड़

बिरसा मुंडा फुटबॉल चैंपियनशिप में एफसी अवंतिका ने जीता खिताब, युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है खेल : उपासना मरांडी

FC Avantika wins the title at the Birsa Munda Football Championship; sports propel youth to new heights: Upasana Marandi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़ । बिरसा मुंडा किसान क्लब खाक्सा, पाकुड़िया की ओर से आयोजित तीन दिवसीय बिरसा मुंडा फुटबॉल चैंपियनशिप का शनिवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में एफसी अवंतिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शैतान चौक पाकुड़िया की टीम को दो गोल से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। फाइनल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी सहित अन्य अतिथियों ने शिरकत की। क्लब के अध्यक्ष मोतीलाल सोरेन, सचिव किशोर सोरेन, कोषाध्यक्ष सेंट सोरेन एवं मुख्य सलाहकार गिलबर्ट हांसदा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सम्मानित किया। फाइनल मुकाबला एफसी अवंतिका और शैतान चौक पाकुड़िया के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी अवंतिका ने दो गोल की बढ़त बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर मैदान में मौजूद हजारों खेल प्रेमियों ने तालियों एवं उत्साहवर्धन से उनका हौसला बढ़ाया। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल ऐसा मंच है, जो युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से खेल एवं खिलाड़ियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं और खिलाड़ियों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी उपस्थित लोगों को दी और युवाओं से खेल के साथ-साथ शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को क्लब की ओर से निर्धारित पुरस्कार राशि एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता एफसी अवंतिका की टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 90 हजार रुपये एवं शील्ड-कप प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी दिनेश मुर्मू, पंचायत मुखिया बेरेनतियुस हेम्ब्रम, बड़ा सिंहपुर मुखिया कालेश्वर हेम्ब्रम, जिला परिषद प्रतिनिधि मुनीराम मरांडी, ग्राम प्रधान स्टीफन हेंब्रम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्य, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button