बाराबंकी

कजरी तीज पर निकली धूमधाम से शिव बारात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बाराबंकी। कजरी तीज के पर्व पर सोमवार को हर वर्ष की भांति सफदरगंज स्थित निद्धेश्वर मंदिर से प्रधानपति अजय वर्मा की अगुवाई एवं  कमलाकांत गुप्ता,अमित गुप्ता,मुकेश जायसवाल, सोनू जायसवाल  मनोज गुप्ता,प्रदीप राठौर आदि  श्रद्धालुओं की सहयोग से भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन पर भक्त नृत्य करते हुए हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते रहे। शिव बारात में घोड़े, ऊंट और रथों पर सजी विभिन्न देवी देवताओं की मनोहारी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नंदी,भूत पिशाच, भैरव, बंदर और भालू के रूप में सजे शिवगण भी बारात में शामिल हुए। दूल्हे के रूप में सजे भगवान शिव की झांकी विशेष आकर्षण रही। शीश पर गंगा की धारा और गले में सर्पों की माला से सुसज्जित शिव की झांकी देखते ही बन रही थी। ब्रह्मा और विष्णु की झांकियां भी रथों पर शामिल रहीं।
शिव बारात निद्धेश्वर मंदिर से कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए ग्राम रानीगंज स्थित बाबा मन्ना दास राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। यहां मंदिर के महंत हरीश शुक्ल, दीपक बाजपेई और विश्वनाथ त्रिवेदी ने ग्रामीणों के साथ भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया।
इसके बाद परंपरागत रूप से शिव बारात श्री कैलाशपति शंकर शिवाला पहुंची। यहां मोहम्मद उस्मान सिद्दीकी उर्फ मुन्ना, मोहम्मद रफीक और जयकिशन उर्फ जैकी ने आतिशबाजी के साथ बारात का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शिव भक्तों को पूड़ी-सब्जी, छोला और चावल का प्रसाद वितरित कर जलपान कराया गया।
इसके बाद बारात चिलौकी स्थित शिव मंदिर पहुंची। यहां ग्राम प्रधान सोमनाथ लोधी राजपूत, मोनू शुक्ला, संदीप सिंह, सोनू, झुनझुन, शिव कुमार, आर्यन सहित ग्रामीणों ने बारात का स्वागत किया और पूजा-अर्चना की। विवाह उत्सव के लिए मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच निकली बारात
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षेत्राधिकारी सदर आलोक पाठक, सफदरगंज प्रभारी निरीक्षक अमर कुमार चौरसिया, असंद्रा प्रभारी अनिल सिंह, सतरिख प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह, जैदपुर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button