शामली
स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाएं घायल
रोंग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार का टायर फटा, चालक वाहन छोड़कर फरार; कार से मिली आईडी में राजकुमार निवासी पटियाला का नाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर पटनी प्रतापपुर टोल प्लाजा के पास बुधवार को रोंग साइड से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद स्विफ्ट कार का टायर फट गया, जिसके बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बागपत जिले के छपरौली निवासी सोनम अपनी सहेली शोभा रानी निवासी करोड़ी नांगल के साथ बाइक से हरियाणा गई थीं। बुधवार को दोनों बाइक से वापस लौट रही थीं। जैसे ही वे पटनी प्रतापपुर टोल प्लाजा के पास पहुंचीं, सामने से रोंग साइड में आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्विफ्ट कार का टायर फट गया। चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, कार के अंदर एक आईडी मिली है, जिस पर राजकुमार पुत्र लालचंद निवासी पटियाला, पंजाब का नाम दर्ज है। पुलिस आईडी और वाहन के आधार पर फरार चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।



