मेरठ

एमआईटी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रहा कार्यक्रम का विषय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के फार्मेसी विभाग की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का विषय ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर निदेशक डॉ. केएलए खान, प्राचार्य (फार्मेसी) डॉ. नीरज कांत शर्मा, प्राचार्य (पीसी कोर्सेज) डॉ. हिमांशु शर्मा, डीन डॉ. गौरव शर्मा सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
निदेशक डॉ. केएलए खान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वैश्विक फार्मास्युटिकल क्षेत्र में भारत के योगदान का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा ने फार्मेसी को निरंतर विकसित हो रहे पेशे के रूप में बताते हुए विद्यार्थियों को कौशल विकास, व्यावसायिक दक्षता और फार्मास्युटिकल क्षेत्र में हो रहे नवीनतम बदलावों की जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, डीन डॉ. गौरव शर्मा ने फार्मेसी शिक्षा के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर जोर देते हुए वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, रंगोली और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं की ओर से लगाए गए खान-पान एवं गेम स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श लेने और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा सेवन यानी स्व-चिकित्सा से बचने का संदेश दिया गया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद प्राचार्य (फार्मेसी) डॉ. नीरज कांत शर्मा ने शिक्षक, स्टाफ और विद्यार्थियों को फार्मासिस्ट शपथ दिलाई। कार्यक्रम ने स्वास्थ्य सेवाओं, रोगी कल्याण और स्वस्थ समाज के निर्माण में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button