बदनौली में अमन का शव मिलने से मचा हड़कंप
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

रुपये के लेनदेन का एंगल सामने आने के बाद जांच हुई तेज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । हापुड़ नगर थाना क्षेत्र में मोदीनगर रोड स्थित बदनौली पुलिया के पास मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान अमन पुत्र हंसराज, निवासी आदर्श नगर कॉलोनी, मोदीनगर रोड हापुड़ के रूप में हुई है। युवक के सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से घटना से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच की प्रगति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस टीम को घटना का जल्द से जल्द अनावरण करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि , जांच में फिलहाल रुपयों के लेनदेन का मामला शुरुआती एंगल के तौर पर सामने आ रहा है। पुलिस मृतक के परिचितों, संपर्क में रहने वाले लोगों और उसके हाल के गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने से पहले हत्या की वास्तविक वजह और घटना में किसी व्यक्ति की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अमन आखिरी बार किन लोगों के साथ था और वह बदनौली पुलिया के पास किस परिस्थिति में पहुंचा। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी है।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।



