साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को मिली बड़ी राहत, हापुड़ पुलिस ने लौटाए 20 हजार रुपये
बाबूगढ़ साइबर सेल की त्वरित कार्यवाही से ठगी की रकम का हिस्सा वापस—पीड़ित ने बाबूगढ़ थाना प्रभारी की तत्परता की सराहना की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाबूगढ़ पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक मामले में पीड़ित को राहत दिलाई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ठगी की गई रकम में से 20,000 रुपये पीड़ित को वापस कराए गए।
जानकारी के अनुसार, थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम मुकुंदपुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र श्याम सिंह साइबर ठगी का शिकार हुए थे। उनके साथ साइबर ठगों द्वारा कुल 40,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना बाबूगढ़ की साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी गई धनराशि में से 20,000 रुपये की रकम वापस प्राप्त कर पीड़ित को लौटाई गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित प्रवीण कुमार ने हापुड़ पुलिस और साइबर सेल की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस की ओर से आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के बैंक खाते से धोखाधड़ी के माध्यम से पैसा निकाल लिया जाता है तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि धनराशि को ट्रेस कर उसे वापस कराने की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।
साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पिन, सीवीवी अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठग अक्सर अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।



