किराना दुकान में लूट का प्रयास, बदमाशों ने की फायरिंग
Attempted robbery at a grocery store; miscreants opened fire.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोहुलपहाड़ी गांव में शुक्रवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना दुकान में लूट का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने दुकानदार को निशाना बनाकर फायरिंग भी की। हालांकि दुकानदार के समय रहते काउंटर के पीछे झुक जाने के कारण गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के जुटने के बाद बदमाश बिना लूटपाट किए मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब सात बजे महेश प्रसाद गुप्ता अपनी किराना दुकान के काउंटर पर बैठे एक ग्राहक से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार-पांच बदमाश दुकान के पास पहुंचे। इनमें से काली शर्ट और काली टोपी पहने एक बदमाश दुकान के अंदर आया और सिगरेट मांगी। सिगरेट लेने के बाद वह दुकान में ही उसे पीने लगा। इसी बीच काली टी-शर्ट पहने और चेहरे पर लाल गमछा बांधे एक अन्य बदमाश पिस्तौल लेकर दुकान के गेट पर खड़ा हो गया। बाकी बदमाश बाहर ही मौजूद रहे। आरोप है कि सिगरेट पी रहे बदमाश ने अचानक दुकानदार महेश प्रसाद गुप्ता पर पिस्तौल तान दी और रुपये निकालने को कहा। इसी दौरान उसने दुकान के अंदर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही महेश गुप्ता काउंटर के पीछे झुक गए, जिससे गोली का निशाना चूक गया। इस दौरान वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद दुकान के बाहर मौजूद बदमाशों ने वहां रखे डंडे उठा लिए और दुकान में काम कर रहे स्टाफ संजय कुमार कानू के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने संजय पर भी पिस्तौल से फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद संजय किसी तरह वहां से निकलकर गांव की ओर भागे और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर जुटने लगे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने दुकान का शटर गिरा दिया और दुकानदार को अंदर ही बंद कर दिया। इसके बाद सभी बदमाश दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बालीडीह-खजूरडंगाल मार्ग की ओर फरार हो गए। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के कारण बदमाश दुकान से रुपये या अन्य सामान लूटने में सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। दुकानदार महेश प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर पाकुड़िया थाना में पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मोहुलपहाड़ी गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।



