सिसाना में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली श्रीजी की भव्य रथयात्रा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिसाना/बागपत : श्री 1008 चंद्रप्रभु नवग्रह जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र सिसाना में वार्षिक रथयात्रा महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीजी की पूजा-अर्चना की और धर्मलाभ प्राप्त किया।
रथयात्रा के शुभारंभ से पूर्व परंपरानुसार बोलियां लगाई गईं। श्रीजी की बोली 15,000 रुपये में पंकज जैन अरिहंत जैन सिसाना वालों ने ली। वहीं सारथी की बोली 21,000 रुपये में सत्येंद्र कुमार जैन आकाश जैन सिसाना वालों ने ली। इसके अलावा कुबेर की बोली 12,000 रुपये में राजा जैन भारती जैन तथा जिनवाणी की बोली 5,100 रुपये में राजा जैन भारती जैन ने ली।
इसी क्रम में चंवर की दो बोलियां 6,200 रुपये में पारस जैन एवं वासु जैन (राजा जैन) ने लीं। बोलियों की प्रक्रिया के बाद विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार श्रीजी को रथ में विराजमान किया गया।
इसके बाद बैंड-बाजे के साथ भगवान श्रीजी की भव्य रथयात्रा सिसाना गांव की विभिन्न गलियों से निकाली गई। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और धार्मिक वातावरण में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रथयात्रा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ आयोजित इस वार्षिक आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं धार्मिक भावनाओं से जोड़ा। आयोजन में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग किया।
