ज्वेलरी लूटकांड के उद्बोधन में शामिल 33 पुलिस कर्मी सम्मानित
33 police personnel honored for solving the jewelry robbery case.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के बहुचर्चित अमड़ापाड़ा ज्वेलरी लूटकांड ( अमड़ापाड़ा थाना संख्या- 68/2026) का महज 10 दिनों के भीतर उद्भेदन करने वाली विशेष जांच टीम (SIT) में शामिल 33 पुलिस पदाधिकारियों एवं आरक्षियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने संयुक्त रूप से पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी सराहनीय कार्रवाई के लिए सम्मानित किया। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट की घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद पुलिस के समक्ष अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के स्तर से भी इसकी निगरानी की गई। डीजीपी तदाशा मिश्रा की मॉनिटरिंग तथा संथाल परगना दुमका के आईजी-डीआईजी की निगरानी में पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने मानवीय सूचना, वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार कार्रवाई की। टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और महज 10 दिनों के भीतर कांड का सफल उद्भेदन कर दिया। पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार भी बरामद किए गये। मामले के त्वरित उद्भेदन को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में इस उल्लेखनीय कांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारियों, अनुसंधानकर्ताओं, तकनीकी शाखा, साइबर सेल तथा पुलिस बल के जवानों समेत कुल 33 पुलिस पदाधिकारियों एवं आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीसी और एसपी ने पुलिस टीम की कार्यशैली और समन्वित प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी गंभीर आपराधिक घटना का इतने कम समय में सफल उद्भेदन पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का परिणाम है। अमड़ापाड़ा ज्वेलरी लूटकांड के उद्भेदन में पुलिस द्वारा अपनाये गये वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान और लगातार चलाये गये छापेमारी अभियान की विशेष चर्चा रही। घटना के बाद पुलिस टीम ने विभिन्न स्तरों पर सूचनाएं जुटाकर अपराधियों तक पहुंच बनाई और आखिरकार 10 दिनों के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किए गये पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने भी इसे टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में आपराधिक घटनाओं के त्वरित अनुसंधान और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर पुलिस की कार्यक्षमता का संदेश गया है।



