बरेली
बरेली में रासलीला का विश्राम, कंस वध और फूलों की होली का मंचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। राधा माधव संकीर्तन मंडल की ओर से चल रही रासलीला के विश्राम दिवस पर बुधवार को वृंदावन से आई स्वामी देवकीनंदन महाराज की मंडली ने कंस वध, अग्रसेन राजतिलक और होली लीला का मंचन किया।
लीला में राधा के राजकुमार और कृष्ण के गुजरी बनने का प्रसंग दिखाया गया। कथा के अनुसार गोपियों ने राधा का श्रृंगार कर राजकुमार बनाया, तो कृष्ण को गुजरी बनाकर दर्शन कराए। इसके बाद नंदगांव की होली का दृश्य मंचित हुआ, जिसमें गोपियों ने प्रेम की छड़ी से ग्वालों को पीटा और 100 किलो फूलों से राधा-कृष्ण को ढक दिया। केवड़ा-केसर के जल और फूलों से भक्तों के साथ होली खेली गई। ‘आज बिरज में होली रे रसिया’ भजन पर पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।
लीला के अंत में मीडिया प्रभारी कैलाश चंद्र शर्मा और सह मंत्री विकास शर्मा ने मंडली, यजमान परिवारों और मीडिया का आभार जताया। प्रसाद वितरण के साथ लीला का विश्राम हुआ।
इस दौरान यजमान कैलाश चंद्र अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ईशान रस्तोगी, श्रवण कुमार शर्मा सहित जुगल किशोर साबू, मोहन गुप्ता, प्रेम शंकर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल और नवीन गोयल मौजूद रहे।




