सोशल मीडिया पर रील का शौक या सड़क पर जानलेवा स्टंट?
हाईवे पर ऐसी हरकत से दूसरों की जान भी खतरे में लेकिन पुलिस दिखी अंजान

पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून किस कदर लोगों पर हावी है… इसकी एक तस्वीर उत्तर प्रदेश के हापुड़ से सामने आई है।यहां चलती कार की छत पर खड़े होकर एक युवक रुपये उड़ाता नजर आ रहा है… इतना ही नहीं, कार से आतिशबाजी भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार , सोशल मीडिया में एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा जो गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव सरूरपुर का बताया जा रहा है और अब इस स्टंटबाजी ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर दौड़ती कार… और कार की छत पर खड़ा युवक!हाथों से हवा में रुपये उड़ाए जा रहे हैं.वहीं कार से आतिशबाजी भी होती दिखाई दे रही है। रील और सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए की जा रही ऐसी हरकतें किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती हैं।हाईवे पर इस तरह का स्टंट सिर्फ स्टंट करने वाले के लिए ही नहीं… बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी खतरनाक है।
युवक का संतुलन बिगड़ सकता है… आतिशबाजी से दूसरे वाहन चालकों का ध्यान भटक सकता है… और एक छोटी-सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है.
सवाल यही है—रील और लाइक्स के लिए सड़क पर लोगों की जान जोखिम में डालना आखिर कब बंद होगा?
इस मामले में सीओ गढ़ राहुल यादव ने बताया कि “सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जाएगी। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी करना खतरनाक है। आमजन से अपील है कि रील बनाने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।”
हालांकि वहीं गढ़ कोतवाली पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की है। हापुड पुलिस ने मीडिया सेल के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि , थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए स्कार्पियों कार पर खड़े होकर स्टंटबाजी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद करते हुए सीज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है ।




