जामताड़ा

सड़क दुर्घटना में पारा शिक्षक चेतलाल मंडल का निधन

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, क्षेत्र में शोक की लहर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कठबरारी गांव निवासी पारा शिक्षक चेतलाल मंडल का सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया स्थित गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से चेतलाल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनका पार्थिव शरीर जब उनके पैतृक आवास कठबरारी गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक, जनप्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों के लोग जुट गए। सभी ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
चेतलाल मंडल केवल एक पारा शिक्षक ही नहीं थे, बल्कि एक सामाजिक और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी भी थे। शिक्षक होने के साथ-साथ वे गांव के हर व्यक्ति के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और लोगों के प्रति उनका अपनापन उन्हें सभी के बीच खास बनाता था। इतनी कम उम्र में उनका इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना गांव और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से शिक्षा जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button