
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर करमाटांड़ बाजार में इन दिनों जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है। महापर्व के पहले अर्घ्य यानी खरना और संध्या अर्घ्य को लेकर शुक्रवार व शनिवार को बाजार में खरीदारों का तांता लगा रहा। सूप, डाला, कंद-मूल, नारियल, ईख (गन्ना), अनानास और सेब समेत विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों की खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बाजार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। व्रतियों और उनके परिजनों ने पारंपरिक पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। दुकानदारों के मुताबिक, इस वर्ष फलों और पूजन सामग्रियों की अच्छी मांग है, जिससे बाजार में रौनक काफी बढ़ गई है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है। हर कोई छठी मईया की आराधना की तैयारियों में पूरी निष्ठा के साथ जुटा हुआ है।




