पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को किया गया सम्मानित, परगनैत एवं ग्राम प्रधानों की भूमिका को किया गया रेखांकित

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर पाकुड़ समाहरणालय सभागार में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले के परगनैत एवं ग्राम प्रधानों को सम्मानित कर पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षण एवं सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अपार समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मोहम्मद मुजाहिद अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी कांति रश्मि, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने संयुक्त रूप से परगनैत एवं ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने पारंपरिक ग्राम व्यवस्था में परगनैत एवं ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका, उनके अधिकारों तथा सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ग्राम व्यवस्था आदिवासी समाज की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ग्राम प्रधान एवं पारंपरिक पदाधिकारी ग्रामीण समाज में आपसी समन्वय स्थापित करने, सामाजिक विवादों के समाधान, सामुदायिक एकता बनाए रखने तथा परंपराओं एवं रीति- रिवाजों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह के दौरान आदिवासी समाज के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने आदिवासी समुदाय की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था, सामाजिक संरचना, सांस्कृतिक पहचान एवं पूर्वजों से चली आ रही परंपराओं को रेखांकित किया। साथ ही इन ऐतिहासिक धरोहरों और पारंपरिक व्यवस्थाओं को संरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों के योगदान को सम्मान देना तथा आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान पूर्व एसडीपीओ सनत कुमार सोरेन अन्य समेत बड़ी संख्या में परगनैत व ग्राम प्रधान उपस्थित थे।



