17 औद्योगिक संगठनों की भागीदारी के साथ ग्लोबल इंडस्ट्रियल कन्वेंशन आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) की ओर से 20 नवंबर को जीआईए हाउस में पांचवें ग्लोबल इंडस्ट्रियल कन्वेंशन-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हरियाणा और एनसीआर के 17 प्रमुख औद्योगिक एवं संस्थागत संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों, सरकारी अधिकारियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
जीआईए अध्यक्ष सुमित राव के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में नेशनल ट्रेड एंड इंडस्ट्री काउंसिल के ग्लोबल चेयरमैन डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्यात और लॉजिस्टिक्स को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए उद्योगों के विकास के लिए इनके बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया।
सम्मेलन का उद्देश्य औद्योगिक संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के जरिए वैश्विक बाजार के अवसर तलाशने और औद्योगिक श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को बढ़ावा देना था।



