ललितपुर

खड़ोवरा के विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाया स्वगणना एवं जनगणना का पाठ

जागरूक नागरिक बनने का दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम खड़ोवरा स्थित पं.रुद्रनारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल हाई स्कूल में विद्यार्थियों को स्वगणना एवं जनगणना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को जनगणना का महत्व, उद्देश्य, प्रक्रिया और राष्ट्रीय विकास में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि स्वगणना के तहत व्यक्ति स्वयं अपने और परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारियां दर्ज करता है। वहीं जनगणना के माध्यम से देश की जनसंख्या, आयु वर्ग, शिक्षा, साक्षरता, आवास एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और रोजगार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण करती है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें सही एवं विश्वसनीय जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गलत जानकारी से आंकड़ों की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। विद्यालय प्रबंधक पं. सुनील शर्मा एवं प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित ने कहा कि ऐसी शैक्षिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय दायित्वबोध और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी जनगणना के महत्व से परिचित कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में नागरिक सहभागिता का महत्व समझाया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button