कैराना

कैराना में पुलिस मुठभेड़, लूट के दो आरोपी गोली लगने से घायल

लूटा गया मोबाइल, दो तमंचे और चोरी की बाइक बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कैराना। कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार शाम भूरा बाईपास फ्लाईओवर के निकट मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, दो तमंचे और अपाचे बाइक बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो डंपिंग ग्राउंड के निकट आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला पीरजादगान निवासी सलमान और मोहल्ला छड़ियान निवासी तस्लीम के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल और अपाचे बाइक बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने गुरुवार शाम मोहल्ला पीपलोतला निवासी कलीम से मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की है। बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई बताई गई है। पुलिस के अनुसार सलमान पर दस और तस्लीम पर दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पूर्व में महिलाओं से कुंडल लूटने की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button