एमआईईटी स्कूल के बच्चों ने किया मेरठ कैंट मुख्य डाकघर का शैक्षिक भ्रमण
डाकघर पहुंचे नन्हे विद्यार्थी, जानी चिट्ठी और पार्सल पहुंचने की पूरी प्रक्रिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार के कक्षा तीन के विद्यार्थियों को मेरठ कैंट स्थित मुख्य डाकघर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों ने भारतीय डाक विभाग की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जाना कि चिट्ठियां और पार्सल किस तरह लोगों तक पहुंचाए जाते हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को लिफाफे पर प्रेषक और प्राप्तकर्ता का पता लिखने, पिन कोड के महत्व और डाक टिकटों के उपयोग की जानकारी दी गई। बच्चों ने डाक टिकटों के संग्रह के रोचक शौक के बारे में भी जाना। उन्हें बताया गया कि डाकघर में आने वाले पत्रों और पार्सलों को किस प्रकार छांटा जाता है और फिर रेल, वायु तथा सड़क मार्ग से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों को रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया गया।
बच्चों ने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्हें डाक जीवन बीमा, पासपोर्ट सेवा, आधार संबंधी सुविधाओं और एटीएम सेवा के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण काफी रोचक और ज्ञानवर्धक रहा। इससे उन्हें कक्षा में पढ़ी गई जानकारियों को वास्तविक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा के निर्देशन में भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इसमें कोऑर्डिनेटर शिखा सचदेवा के साथ शिक्षिकाओं प्रीति शर्मा, राधा राजवंशी और श्रुति जैन का विशेष योगदान रहा।




