अमरोहा
अमरोहा में भू-माफियाओं का आतंक!
रातों-रात चर्चित पनवाड़ी तालाब को जेसीबी से पाट डाला, अफसर बने अनजान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। शहर के बिजनौर रोड स्थित बहुचर्चित पनवाड़ी तालाब पर एक बार फिर भू-माफियाओं की दबंगई देखने को मिली। बीती रात अंधेरे का फायदा उठाकर दबंग जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर तालाब की जमीन पर पहुंचे और उसे पाटने का दुस्साहस कर डाला।
सुबह जब इलाके के लोगों की नजर वहां पड़ी तो हड़कंप मच गया। मिट्टी और जेसीबी के निशान देख लोग भड़क उठे और प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इस जमीन पर कब्जे की कोशिशें हो चुकी हैं और प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए थे, लेकिन भू-माफिया हर बार नए तरीके से लौट आते हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद जिम्मेदार अफसर मामले से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि क्या इस बार भी मामला ठंडे बस्ते में जाएगा या फिर तालाब की जमीन बचाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।


