जामताड़ा

हरलाटांड़ में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आन्दोलन की चेतावनी

Villagers are angry over the dilapidated road in Harlatand, warn of agitation if it is not repaired soon

सिराज अंसारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। जिले के नारायणपुर प्रखण्ड अन्तर्गत हरलाटांड़ में मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे जोरदार आन्दोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का शिलान्यास लगभग एक वर्ष पूर्व झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा कोलहर मोड़ से धोबना मोड़ तक कराया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं हुई है। लोगों ने कहा कि इस सड़क से हर दिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन स्थिति देखकर 40 साल पुराना समय याद आता है। सड़क में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, बारिश के मौसम में पानी भर जाता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस रास्ते पर अब तक कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया और चारपहिया वाहनों को होती है। यह सड़क रामपुर, मदनाडीह, मेझलाडीह, धोबना, चलना, फूलजोड़ी, चेंगाईडीह, सोनबाद, कदमीटांड जैसे गांवों को जोड़ती है, ऐसे में इसका महत्व बहुत अधिक है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, अन्यथा वे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button