धनबाद पुलिस ने एक माह में बनाया रिकॉर्ड, 1167 कांडों का हुआ निष्पादन, 65 लाख का जुर्माना भी वसूला
Dhanbad police made a record in one month, 1167 cases were resolved, a fine of 65 lakhs was also collected

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। जिले की पुलिस ने बीते एक महीने में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बनाए हैं। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने मासिक क्राइम मीटिंग के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक माह में 1167 कांडों का निष्पादन किया गया है, जिससे जिले में लंबित मामलों की संख्या 4100 से घटकर 3500 रह गई है। इसके साथ ही 2600 से अधिक वारंटों का निष्पादन भी किया गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा अब तक का सर्वाधिक 63 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया, जो यातायात नियमों के सख्त पालन का संकेत है। SSP प्रभात कुमार ने बताया कि हर माह कम से कम 300 मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जल्द ही फाइलों का मैनुअल मूवमेंट बंद कर डिजिटल सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे कार्य में तेजी आयेगी।। मासिक क्राइम मीटिंग में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में ‘सिटी हॉक्स’ पेट्रोलिंग बाइक यूनिट की समीक्षा भी की गई। एसएसपी ने गैंगस्टर प्रिंस खान जैसे अपराधियों से युवाओं को दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि ‘इजी मनी’ के चक्कर में अपराध की दुनिया में ना कूदें। व्यवसायियों से भी अपील की गई कि यदि किसी तरह की फिरौती या धमकी भरे फोन कॉल आते हैं, तो वे निर्भीक होकर पुलिस को सूचना दें, पुलिस ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी।



