सिंगरौली

यूपी एमपी के मैत्री द्वार पर ट्रेलरों की लंबी कतार व जाम से होता है स्वागत

कोयला ट्रकों की लंबी कतार बनी आमजन की मुसीबत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 • यूपी से एमपी जाइए या एमपी से यूपी आइए, मैत्री द्वार पर जाम से गुजरना रोजमर्रा की मजबूरी
 • मुख्य मार्ग पर कोयला ट्रकों के अतिक्रमण से राहगीर परेशान, प्रशासन मौन
 • शाम होते ही शराबी की जमात और बेतरतीब पार्किंग से बिगड़ता है हालात का संतुलन
सिंगरौली । । उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित मैत्री द्वार अब सीमावर्ती पहचान से ज्यादा ट्रेलरों की लंबी कतार व जाम के लिए बदनाम होता जा रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को अब जाम से ‘स्वागत’ की आदत सी हो गई है। यूपी से एमपी जाएं या एमपी से यूपी आएं, मैत्री द्वार पर ट्रकों और ट्रेलरों की लंबी कतारें अब रोज का नजारा बन चुकी हैं। अगर आप शक्तिनगर-जयंती मुख्य मार्ग से गुजर रहे हैं तो दुद्धीचुआ खदान मोड़ पर खड़ी ट्रकों की कतार देख चौंकिएगा मत। ये गाड़ियां कोयला परिवहन के लिए खड़ी होती हैं, जो मुख्य सड़क को ही पार्किंग स्थल बना बैठी हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि लगता है जैसे कोल ट्रांसपोर्टिंग करने वाली कंपनियों ने मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर लिया हो। हर दिन इस रास्ते से गुजरने वाले एनसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, खनन प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार और प्रशासनिक अधिकारी इस गंभीर समस्या को देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं। न तो कोई ठोस कार्रवाई होती है और न ही सड़क से अतिक्रमण हटाने की पहल नजर आती है। सबसे गंभीर स्थिति शाम के समय होती है, जब मैत्री द्वार के बगल में स्थित शराब की दुकानों व चखना दुकानों पर नशे में धुत लोग और सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियों से हालात और भी भयावह हो जाते हैं। जाम के झाम में पिस रहा आम आदमी रोजाना मुश्किलें झेल रहा है लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि :
 • मुख्य मार्ग से कोल ट्रांसपोर्टिंग वाहनों की कतार हटाई जाए
 • अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई हो
 • शाम के समय विशेष निगरानी के लिए पुलिस बल तैनात हो
अब देखना यह है कि एनसीएल प्रबंधन व प्रशासन कब तक आंखें बंद रखता है-या फिर किसी बड़ी घटना के बाद ही कुंभकर्णी नींद से जागकर कोई ठोस निर्णय लेगा।
इनका कहना है।
जब इस मामले को लेकर दुद्धीचुआ परियोजना के एसओपी प्रवीण मिश्रा से बात करने की कोशिश की गयी तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। जिससे परियोजना की तरफ से कोई जानकारी नहीं मिल पायी है।
जब इस मामले को लेकर शक्तिनगर थाना प्रभारी से बात कि गयी तो उन्होंने बताया कि जाम को लेकर जानकारी मिल रही है टीम को भेज कर सही करवाता हूँ।
कुमुद शेखर सिंह
शक्तिनगर थाना प्रभारी
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button