बिजनौर
नुमाइश में ठेकेदार से विवाद के बाद घंटों बंद रहे झूले

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। नुमाइश मेले में झूला संचालकों और ठेकेदार के बीच बुधवार की रात को विवाद हो गया। झूला संचालकों ने नुमाइश ठेकेदार के पार्टनर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कुछ समय के लिए सभी झूले बंद कर दिए। ज्ञात हो कि शहर में नगर पालिका द्वारा आयोजित वार्षिक जिला कृषि, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक प्रदर्शनी चल रही है। जिसका उद्घाटन 2 अगस्त को हुआ था। झूला संचालक अली हसन ने बताया कि उन्होंने 95 लाख रुपए में अपने झूले और एक जलपरी नुमाइश में लगाई थी। उन्होंने ठेकेदार पर जलपरी की कलेक्शन जबरन ले जाने का आरोप लगाया है।
झूला संचालकों का कहना है कि ठेकेदार के पार्टनर भोले के साथ कई बार विवाद हो चुका है। उन्होंने भोले की दबंगई की शिकायत की। लेकिन मेले में तैनात पुलिस और चौकी इंचार्ज ने कोई कार्रवाई नहीं की। झूला संचालकों ने चौकी इंचार्ज पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। मेले में रोजाना हजारों लोग आते हैं। झूला संचालकों का आरोप है कि पुलिस ठेकेदार के दबाव में काम कर रही है। इस घटना ने पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेला ठेकेदार वसीम उर्फ भोले का कहना है कि कोई विवाद नहीं हुआ है और नुमाइश के झूले चल रहे हैं। कुछ घंटों के विरोध के बाद सभी झूले फिर से चालू कर दिए गए हैं।



