गोड्डा
गांधी जयंती पर केंद्रीय विद्यालय गोड्डा में प्रतिमा का अनावरण

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो, गोड्डा
गोड्डा : स्थानीय पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा में गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और की उपस्थिति में गांधी जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम से हुई। इसके उपरांत विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया गया। अनावरण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी और उनके सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रतिज्ञा ली।
इस अवसर पर प्राचार्य रजनीश कमल ने संबोधित करते हुए कहा, महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं, जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। आज का दिन हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम उनके सिद्धांतों सत्य, अहिंसा, और स्वच्छता को अपने जीवन में उतारें। छात्रों को चाहिए कि वे गांधी जी के आदर्शों का अनुसरण करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करें। महात्मा गांधी की यह सुंदर प्रतिमा विद्यालय के कला शिक्षक राजकुमार तांती द्वारा निर्मित की गई है, जिन्होंने अत्यंत श्रम और समर्पण से इस कलाकृति को साकार किया। कार्यक्रम में पीजीटी हिंदी रानी कुमारी, जीवविज्ञान शिक्षक इफ्तिखार आलम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



