रामपुर शाहबाद
रामपुर चौराहे से लेकर रामगंगा पुल तक शाहबाद रामपुर स्टेट हाइवे पर डामरीकरण का काम शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। नगर के रामपुर चौराहे से लेकर रामगंगा पुल तक शाहबाद- रामपुर स्टेट हाइवे पर डामरीकरण का काम शुरू होने से लोगों को धूल मिट्टी से राहत मिलने वाली है। स्टेट हाइवे के शाहबाद के रामपुर चौराहे से लेकर रामगंगा पुल तक बहुत ही खराब हालत हो चुकी थी, सड़क पर उड़ रही धूल मिट्टी से राहगीरों समेत स्कूली बच्चों को बहुत ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। लोग रोड को दुरुस्त कराने को लेकर कई बार मांग उठा चुके थे, अधिवक्ता रेहान खान ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में पत्र देकर रोड को ठीक कराए जाने की मांग उठाई थी। इन्हीं सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग और निर्माणाधीन कंपनी ने शाहबाद से रामगंगा पुल तक डामरीकरण का काम शुरू करा दिया है। जिसके चलते रोड पर एक साइड में डामर की एक परत डाली जा रही है। आपको बताते चले कि शाहबाद- रामपुर- बाजपुर स्टेट हाइवे के चौड़ीकरण को लेकर कार्य प्रगति पर है और सड़क को दोनों ओर से डेढ़ डेढ़ मीटर चौड़ा किया जा रहा है। यह सड़क कुल दस मीटर चौड़ी होनी है। जिसके लिए सड़क को दोनों तरफ से खोदकर बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले सड़क पर पुलियों का निर्माण भी किया गया था। जिसके चलते रोड पर धूल मिट्टी तो उड़ ही रही थी साथ ही साथ रोड की बहुत बुरी दुर्दशा हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार स्टेट हाइवे निर्माण का कार्य जल्द ही पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद रोड पर वाहन फर्राटा भरते दिखाई देंगे।

