पाकुड़

डीसी एवं डीडीसी ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, कहा सरकार अब आपके द्वार पर

DC and DDC inaugurated the program and said that the government is now at your doorstep.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत आज जिले की 7 पंचायतों एवं नगर परिषद वार्ड संख्या 01 में जन–सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। पाकुड़ प्रखंड के शहरकोल पंचायत भवन में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह एवं बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू एवं मुखिया विकास गोंड के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने कहा कि “आपकी योजना- आपकी सरकार –आपके द्वार” कार्यक्रम का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को अपनी सभी आवश्यक सेवाएँ और सुविधाएँ बिना किसी परेशानी के उनके गाँव में ही उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को अपनी समस्या लेकर प्रखंड कार्यालय आना पड़ता था, अब प्रशासन स्वयं उनके द्वार पर पहुँचकर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में 15 प्रकार की सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं, जहाँ लोग विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी दे सकते हैं।प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का ऑन–द–स्पॉट निपटारा किया गया तथा जिन मामलों में समय लगेगा, उन्हें रजिस्टर में दर्ज कर समयबद्ध समाधान की जिम्मेदारी प्रशासन द्वारा ली गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर का अधिकतम लाभ लें और आवेदन देने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर अवश्य प्राप्त करें, ताकि वे भविष्य में अपनी आवेदन स्थिति आसानी से जान सकें। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि शिविर में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें बीपी, शुगर, कमजोरी, गर्भवती महिलाओं की जांच सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध थीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन सुविधाओं का अवश्य लाभ लें। किसानों के हित में उपायुक्त ने कहा कि इस बार सरकार की मंशा है कि धान अधिप्राप्ति की राशि एकमुश्त सीधे किसानों के खाते में भेजी जाए। इसके लिए किसानों से आवश्यक फॉर्म भरने का अनुरोध किया गया। उन्होंने बताया कि जन्म, मृत्यु, जाति, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिशन मोड में सेवा सप्ताह के दौरान तेजी से जारी किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रथम चरण में यह शिविर 28 नवंबर तक जिले की सभी पंचायतों में आयोजित किए जा रहे हैं।इसके बाद सरकार की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक पुनः शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, किसानों, बुजुर्गों, छात्रों—हर वर्ग के लिए अनेक योजनाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं, जिनमें—मईया सम्मान योजना,सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना,
साइकिल योजना, प्री–मैट्रिक/पोस्ट–मैट्रिक छात्रवृत्ति,राशन कार्ड संबंधी सेवाएँ,NFSA अपडेट एवं अन्य कई जनकल्याणकारी योजनाएँ शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे पूर्ण संवेदनशीलता के साथ आवेदन दर्ज करें और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आमजनों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र नागरिक को उसकी सभी सुविधाएँ सीधे उसके द्वार पर उपलब्ध हों।जनता की सुविधा के लिए विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, पैंपलेट और पुस्तिकाएँ भी उपलब्ध कराई गईं। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निपटारा किया जायेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button