बागपत

बागपत के अमन यूनेस्को की प्रतिनिधि सूची में शामिल 

फेक न्यूज और एआई खतरों पर देंगे सुझाव

53 देशों में से चुने गए 14 एमआईएल विशेषज्ञों में अमन भी शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बागपत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत निवासी युवा सामाजिक कार्यकर्ता अमन कुमार को यूनेस्को के मीडिया एंड इन्फॉर्मेशन लिटरेसी (एमआईएल) एलायंस की ओर से एशिया–पैसिफिक क्षेत्र की आधिकारिक प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया है। यह सूची 53 देशों से आए आवेदनों की अंतरराष्ट्रीय समीक्षा के बाद तैयार हुई है, जिसमें सिर्फ 14 युवा विशेषज्ञों को ही स्थान मिल सका है। इसी सूची के आधार पर आगे दो प्रतिनिधियों का चयन ग्लोबल बोर्ड में किया जाएगा।
यूनेस्को ने यह ग्लोबल बोर्ड फेक न्यूज, दुष्प्रचार, जेनरेटिव एआई आधारित हेरफेर और लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसी चुनौतियों को देखते हुए गठित किया है। बोर्ड का उद्देश्य विश्व स्तर पर मीडिया साक्षरता, डिजिटल सुरक्षा और जिम्मेदार तकनीक उपयोग के लिए नीति संबंधी सुझाव तैयार करना है।
यूपी के सर्वोच्च युवा पुरस्कार से सम्मानित हो चुके अमन कुमार बीते कई वर्षों से तकनीक आधारित सामाजिक नवाचारों पर काम कर संयुक्त विकास के सतत विकास लक्ष्यों एवं विकसित भारत @2047 विजन में अग्रणी योगदान दे रहे है। माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के माध्यम से उन्होंने सामाजिक जागरूकता और ई गवर्नेंस से जुड़े अभियानों में भूमिका निभाई है। जिला प्रशासन के साथ मिलकर विकसित किए गए कांवड़ यात्रा ऐप, स्वीप बागपत ऐप और सूचना सेतु जैसे प्रोजेक्ट प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाने के उदाहरण माने जाते हैं।
अमन का डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कॉन्टेस्ट 360’ अब तक शिक्षा और करियर से जुड़े अवसरों की जानकारी 8.3 मिलियन से अधिक युवाओं तक पहुंचा चुका है। उनके कार्यों को यूनिसेफ इंडिया, यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी और हंड्रेड फाउंडेशन जैसे मंचों पर भी सराहना मिली है। वर्ष 2024 में वे यूनेस्को की एमआईएल यूथ डिबेट सीरीज़ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button