ललितपुर
गांव में शराब दुकान से बिगड़ा माहौल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
डीएम से शिकायत, दुकान हटाने की उठी मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले के ग्राम सतगता में स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। दुकान खुलने के बाद गांव की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां आए दिन शराबियों की भीड़ जुटती है, जिससे गाली-गलौज, झगड़े और अश्लील हरकतों की घटनाएं बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में धुत लोग राहगीरों से अभद्रता करते हैं, कई बार मारपीट तक की नौबत आ जाती है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को घर से निकलने में डर लगने लगा है। गांव के रास्तों पर अराजकता का माहौल बन जाता है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थिति से आक्रोशित महिलाओं और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजते हुए शराब की दुकान को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए त्वरित कदम उठाने की अपील की है, ताकि गांव में पुन: शांति, सुरक्षा और मर्यादित वातावरण बहाल हो सके।