शामली
बैंक एटीएम से 22 हजार की धोखाधड़ी,
पीड़ित ने चौकी प्रभारी को तहरीर दी, पुलिस ने टाल दिया मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। कस्बे में एटीएम धोखाधड़ी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले दो महीनों में कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें ग्रामीणों के खाते से लाखों रुपये चोरों ने उड़ा लिए। चौसाना चौकी में शिकायतें देने के बावजूद पुलिस का रूख लगातार गैर जिम्मेदाराना बना हुआ है। एक व्यक्ति के साथ ठगी की घटना ने इलाके में फिर से हड़कंप मचा दिया है। पीड़ित ने बताया कि उसके साथ हुई धोखाधड़ी की गंभीर कार्यवाही नहीं की जा रही।
भूरा पुत्र मुर्करम निवासी ग्राम चौसाना ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे खालिद मेडिकल स्टोर के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। अचानक दो युवक उसके पास आ गए और बोले कि वह उसके एटीएम से पैसे निकाल देंगे। भरोसा करके भूरा ने उन्हें एटीएम थमाया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उसका एटीएम बदल दिया। फिर दोनों युवक ऊन जाकर किसी एटीएम से पहले 10,000 रुपये व फिर 12,500 रुपये की ट्रांजेक्शन करवा लिए।
पीड़ित ने बैंक (PNB शाखा ऊन) में शिकायत की तो बैंक मैनेजर ने चौसाना पुलिस को मामले की जांच के लिए बुलाने का निर्देश दिया ताकि एटीएम कैमरों की वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा सके। भूरा ने चौकी प्रभारी चौसाना को तहरीर दी, लेकिन चौकी प्रभारी के बजाय एक सिपाही ने अनदेखी करते हुए उसे कल देखेंगे कहकर वहां से भगा दिया। वहीं चौकी प्रभारी खूब सिंह का कहना है तहरीर मिली है।


