गोड्डा
श्रम विभाग गोड्डा के द्वारा चलाया गया बाल श्रम विमुक्ति हेतु जागरूकता अभियान।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: उपायुक्त अंजली यादव के निर्देश के आलोक में श्रम विभाग ,गोड्डा के नेतृत्व में मेला मैदान के समीप स्थित गुदड़ी मार्केट क्षेत्र में बाल श्रम विमुक्ति हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान श्रम अधीक्षक गोड्डा बबन कुमार सिंह के द्वारा गुदड़ी मार्केट में मछली, मुर्गा और मांस बेचने वाले सभी दुकानो का निरीक्षण कर संबंधित दुकानदारों को अपने दुकानों में बाल श्रम नियोजित नहीं करने के संबंध में जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक,गोड्डा के साथ ,एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (बचपन बचाओ आंदोलन) की चाइल्ड राइट एसोसिएट तथा चाइल्डलाइन के प्रतिनिधियों सहित कार्यालय कर्मी ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जागरूकता दल के द्वारा दुकानदारों को बाल श्रम से होने वाले नुकसान, कानूनी प्रावधानों और समाज पर उसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
सभी दुकानदारों को अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों में बच्चों से कार्य ना कराएं और ना ही ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दें। इसके साथ ही दुकानों पर लगाने के लिए ‘बाल श्रम निषेध’ संबंधी सूचना का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से करने का निर्देश देते हुए सूचना पट्ट भी वितरित किया गया।
श्रम अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि इस तरह के अभियान लगातार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा ताकि समाज में बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।




