गाजियाबाद
किसानों की आवाज़ बुलंद
29 नवंबर को जेवर में होने जा रही बड़ी महापंचायत, लगभग 30 संगठनों का समर्थन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के किसानों की लंबित मांगों को लेकर अब आंदोलन और तेज़ हो गया है। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस.के. तोमर ने जानकारी दी कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यौराज सिंह पिछले चार महीनों से रौनीजा जेवर में धरनावरत हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया।
तोमर के अनुसार, जब प्रशासन और सरकार ने किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो 12 नवंबर को फलैदा कट, जेवर पर एक महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन और किसानों के बीच बहस की नौबत भी आई। इस दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन प्रतिक्रिया निराशाजनक रही।
इसी व्यवस्था के खिलाफ अब आंदोलन और व्यापक रूप ले रहा है। लगभग 28 से 30 किसान संगठन, जिनमें भारतीय किसान यूनियन (भानू) भी शामिल है, अब संयुक्त मोर्चे के रूप में आगे आए हैं और भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के साथ एक मंच पर आ चुके हैं।
29 नवंबर को निर्णायक महापंचायत
इन संगठनों ने घोषणा की है कि 29 नवंबर 2025 को फलैदा कट, जेवर पर एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यौराज सिंह करेंगे।
महापंचायत में विभिन्न किसान संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पदाधिकारी, ग्रामीण मजदूर और उत्तर प्रदेश सहित आसपास के राज्यों से हजारों किसान शामिल होने की संभावना है।
स्थापना दिवस भी इसी मंच पर मनाया जाएगा
इस महापंचायत की खास बात यह है कि इसी दिन भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति का आठवां स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। संगठन ने घोषणा की है कि यह दिवस किसी उत्सव की तरह नहीं, बल्कि किसानों की आवाज़ और अधिकारों के लिए संघर्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
किसान संगठनों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लेती, आंदोलन इसी प्रकार चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा। आने वाले दिनों में इस आंदोलन के और व्यापक होने की संभावना मानी जा रही है।


