गाजियाबाद

लोनी तहसील में दूसरे दिन भी जारी रहा वकीलों का धरना, कामकाज ठप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और अधिवक्ताओं के बीच उपजे विवाद का असर दूसरे दिन भी साफ देखने को मिला। वकीलों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा, जिसके चलते तहसील और नगरपालिका में आम आदमी का कोई कार्य नहीं हो सका। पूरे परिसर में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि गुरुवार को अधिवक्ताओं द्वारा लगाए गए कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर लोनी तहसील बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया था। अधिवक्ताओं का कहना था कि वे नव-निर्मित तहसील भवन में अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखने पहुंचे थे, इसी दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
शुक्रवार को भी सुबह से ही दर्जनों वकील धरना स्थल पर जुटे रहे और बीच-बीच में नारेबाजी करते रहे। बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल की जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो पाई, जिससे अधिवक्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
धरने के चलते रजिस्ट्री कार्यालय सहित कई विभागों का कामकाज प्रभावित रहा। तहसील और नगरपालिका में आम लोगों को जरूरी कार्यों के लिए भटकना पड़ा। वहीं ऑफिसों में भी उपजिलाधिकारी व वकीलों के बीच उपजे विवाद का मुद्दा छाया रहा।
सूत्रों के अनुसार, उपजिलाधिकारी शुक्रवार को अपने कार्यालय नहीं आए। इससे संवाद की संभावनाएं भी कम नजर आईं। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन कोई ठोस निर्णय नहीं लेता और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक धरना और हड़ताल जारी रहेगी।
फिलहाल तहसील परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण जरूर है, लेकिन गतिरोध बना हुआ है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button