
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झुंझुनूं उदयपुरवाटी। उपखंड क्षेत्र के ग्राम खोह की तामीयाला ढाणी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक पैंथर ने अचानक एक ग्रामीण के घर में घुसकर बकरे पर हमला कर दिया। इस घटना में बकरा गंभीर रूप से घायल हो गया ओर उसके बचने की संभावना कम बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तामीयाला ढाणी निवासी रामेश्वर खटाणा के घर में सुबह करीब छह बजे पैंथर घुस आया और बकरे को दबोच लिया। परिजनों ने शोर मचाकर किसी तरह पैंथर को भगाया गनीमत रही कि पास खड़े बच्चे पर हमला नहीं किया। सूचना पर वन विभाग के गार्ड शिंभु सिंह व रामोतार खटाणा मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए पशुधन निरीक्षक दीपक जांगिड़, पूर्णमल गुर्जर को बुलाकर घायल बकरे का इलाज करवाया। रोहिताश्व खटाणा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार पैंथरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। आए दिन मवेशियों पर हमले हो रहे हैं जिससे ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता ब्रह्मदत मीणा गुड़ा ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र के लोग बकरी पालन और खेती पर निर्भर हैं, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि किसान और उनके मवेशी भी सुरक्षित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे भी भयभीत हैं। डर के कारण बच्चे अब घरों के बाहर खेल नहीं पा रहे हैं और माता-पिता हमेशा चिंता में रहते हैं। मोके पर पहुंचकर ब्रह्मदत मीणा ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, पैंथर को पकड़ने के लिए विशेष टीम भेजी जाए तथा प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर रोहिताश्व खटाणा, शीशराम खटाणा, राहुल शर्मा, पुर्णमल गुर्जर, महिपाल गुर्जर, राकेश खटाणा, शीशराम खटाणा,रामुतार खटाणा सहित अन्य लोग मौजूद थे।



