सिंगरौली
बरगवां-गोरबी मार्ग का अंडरपास हो चुका है क्षतिग्रस्त, बाइक से भी चलना मुश्किल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। बरगवां से गोरबी मार्ग के एनएच 39 अंडरपास की सड़क में करीब- करीब 12 महीने घरों के नालियों का एवं बारिश का पानी बराबर भरा रहता। जिसके चलते अंडरपास की सड़क भी क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील है। दरअसल बरगवां नगर कस्बे से करीब आधा किलोमीटर दूर गोरबी मार्ग नेशनल हाईवे 39 अंडरपास सड़क में लबालब लगातार पानी भरा होने से गड्ढों में तब्दील है।
आलम यह है कि सड़क में इन दिनों बारिश के सीजन में करीब एक फीट लबालब पानी जमा होने से मोटरसाइकिलो से भी चलना काफी मुश्किल है। पैदल चलने वाले लोगों के जूते व पैंट तक भी भीग जा रहे हैं। यह समस्या काफी दिनों से है, लेकिन प्रशासन यहां के रहवासियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अब तक कोई प्रयास नही किया। आसपास के रहवासी एवं दुकानदार बताते हैं कि अंडरपास के नीचे सड़क में करीब-करीब सड़क टूट चुकी है, जिसके कारण यहां लगातार पानी जमा रहता है। जबकि उक्त मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में छोटे- बड़े वाहनों का अप-डाउन होता रहता है। अंडरपास को क्रॉस करते समय जमा पानी के छीटों के पड़ने से विवाद के हालात भी बनते हैं। इस समस्या से प्रशान भलीभांति वाकिफ है।
बीते दिन शुक्रवार को उक्त मार्ग से संभागायुक्त रीवा का भी दौरा हुआ था। हालांकि इस मार्ग से अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है, फिर भी उन्हें अंडरपास के जमा पानी पर नजरें इनायत नही होती हैं। आसपास के दुकानदार यह भी बताते हैं कि रात के वक्त मोटरसाइकिलो से भी आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नही उक्त मार्ग से पैदल चलने वालों लोगों की संख्या बहुतायत है। अंडरपास करते वक्त उन्हें उक्त गंदे पानी से गुजरना पड़ता है और इस दौरान रहवासी और राहगीर भाजपा सरकार को कोसने में कोई कोर कसर नही छोड़ते हैं।



