नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चलाए जा रहे हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में नगर पंचायत के सभी सभासद, नगर के गणमान्य नागरिक, स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्य, क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ नगर के प्रमुख स्थल से हुआ और यह सम्पूर्ण नगर में देशभक्ति के जोश और उत्साह के साथ निकाली गई। जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा लहराकर रैली का स्वागत किया। रैली में देशभक्ति के गीत, नारों और तिरंगे की शान में गूँजते जयकारों से वातावरण देशमय हो गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ममता स्कूल और नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी बागपत के कार्यालय प्रभारी अंकित शर्मा वत्स तथा सभासद युनुस खान ‘बुलबुल’ ने उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, और हर भारतीय का कर्तव्य है कि वह इसकी गरिमा बनाए रखे।
रैली का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान और हर घर तिरंगा अभियान की भावना से जोड़ना था। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से तिरंगा फहराकर राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली।



