
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली / आंवला । 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन आंवला सीट पर भाजपा टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आंवला से वर्तमान भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह हैं, जिन्होंने 2022 में 88,956 वोट लेकर 18,424 मतों से जीत दर्ज की थी। लेकिन 2017 का चुनाव भी इस सीट की अहम कहानी है। उस चुनाव में भाजपा के धर्मपाल सिंह को 63,165 वोट मिले थे, जबकि सपा प्रत्याशी के रूप में कुंवर सिद्धराज सिंह को 59,619 वोट मिले थे। हार-जीत का अंतर सिर्फ 3,546 वोट रहा था।
सिद्धराज सिंह ने दिसंबर 2021 में भाजपा की सदस्यता ली थी। वह आंवला लोकसभा के पूर्व सांसद कुंवर सर्वराज सिंह के पुत्र हैं।
अक्टूबर 2026 में कुंवर सर्वराज सिंह की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई शिष्टाचार भेंट की तस्वीर सीएम कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा होने के बाद इस चर्चा को और बल मिला है। हालांकि यह मुलाकात टिकट का प्रमाण नहीं है, लेकिन धर्मपाल सिंह के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच आंवला में उत्तराधिकारी को लेकर सियासी अटकलें स्वाभाविक हैं।
टिकट की दौड़ में पूर्व विधायक आरके शर्मा, समाजसेवी निहाल सिंह और मझगवां के ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह और आलमपुर जाफराबाद से पूर्व ब्लाक प्रमुख वेद प्रकाश यादव का नाम भी चर्चा में हैं।
फिलहाल भाजपा ने आंवला से किसी भी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। टिकट पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है।



