तेज रफ्तार स्कूल बस पलटी। शिक्षिका व 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर । जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अफजलगढ़-कालागढ़ मार्ग पर सनशाइन स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। हादसे में 6 बच्चे और एक महिला शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 बच्चों की हालत को नाजुक बताते हुए उन्हें जिला मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल बस तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।




