गोड्डा
मम्मा का तेजस्वी स्वरूप अत्यंत मनमोहक था : बी के पूनम
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में मनाया गया संस्था की प्रथम महिला माता का स्मृति दिवस।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : जिला मुख्यालय के शास्त्री नगर मोहल्ला स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय सेवा केंद्र में मंगलवार को संस्था की प्रथम महिला माता जगदंबा सरस्वती मम्मा का स्मृति दिवस आस्था, श्रद्धा के माहौल में उत्साह पूर्वक मनाया गया। सेवा केन्द्र की संचालिका राजयोगिनी बी के पूनम बहन की अगुवाई में मम्मा के चित्र पर श्रद्धासुमन समर्पित किया गया। बीके पूनम बहन ने कहा कि मम्मा का तेजस्वी स्वरूप अत्यंत ही मनमोहक था।
उनका मन सदा प्रभु चिंतन में रमा रहता था। सूरत और दृष्टि में इतनी रूहानियत थी कि उन्हें देखकर सब कुछ भूलकर हम दैवीय भाई, बहनें अद्वितीय सुख में खो जाते थे। वास्तव में मम्मा सच्ची योगी और तपस्वी आत्मा थीं।
उनके चेहरे पर सदा झलकने वाला तेज हर किसी को उनकी तरफ खींचता था। बीके पूनम बहन ने कहा कि मम्मा का गायन और पूजन भी बहुत अलौकिक था। सदा एकांत में रहते हुये परमात्मा को मन रमा कर शिवबाबा का अनुसरण करने वालीं मम्मा दिव्य अलौकिक पथ पर अग्रसर रहीं। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा, बैद्यनाथ उरांव उपस्थित थे। उनके द्वारा इस कार्यक्रम की सराहना की गई। साथ ही, इस अवसर पर सैकड़ों भाई बहनें एवं माता उपस्थित थीं, जिसमें मुख्य रूप से सीमा बहन, ज्योति बहन, बीरेंद्र भाई, हलधर भाई, अमित भाई, डिगेंन भाई, सुनील भाई, सिकंदर भाई, तारा माता, उषा माता एवं अन्य भाई- बहनें मौजूद थीं।



