
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार देर शाम लोनी नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न इलाकों — सोनिया विहार, निस्तौली, रामविहार, राहुल गार्डन, अमित विहार, उत्तरांचल कालोनी, गीतांजलि विहार, रामपार्क एक्सटेंशन, यमुना घाट, एस.एल.एफ., डी.एल.एफ., विकास कुंज, पूजा कालोनी, राजनगर, पावी सहित अनेक स्थलों पर छठ महापर्व के कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रमों में शामिल होने पर लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा का स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए ढोल-नगाड़ों के साथ जयकारे लगाए।
इस अवसर पर रंजीता धामा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह पर्व आस्था, शुद्धता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने पूर्वांचल समाज की महिलाओं के साथ सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर जनकल्याण की कामना की।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा ने भी जल में खड़े होकर पूजा-अर्चना की और बताया कि लोनी नगरपालिका द्वारा इस वर्ष कई कालोनियों में नए छठ घाटों का निर्माण कराया गया है, जिससे व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान बेहतर सुविधाएँ और स्वच्छ वातावरण प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल समाज का प्रमुख त्यौहार है, जो आज न केवल बिहार और पूर्वांचल बल्कि लोनी की सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा बन चुका है। उन्होंने लोनी की जनता से मिले अपार प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल तब देखने को मिला जब नव पूर्वांचल एकता मंच के पदाधिकारियों ने स्वच्छता और आयोजन से प्रसन्न होकर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा को गोद में उठा लिया, इस दौरान लोगों ने “मनोज धामा” और “रंजीता धामा” की जय-जयकार करते हुए आगामी समय में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की
पूरा क्षेत्र छठी मैया के जयघोषों से गूंज उठा और आस्था, भक्ति तथा लोक संस्कृति के समागम से लोनी एक बार फिर श्रद्धा के रंग में रंग गया।



