सिंगरौली
कोयले की कोख से निकला भविष्य का सोना, सिंगरौली में रेयर अर्थ एलिमेंट्स की खोज
तकनीकी क्रांति की ओर बढ़ता भारत का कोयला क्षेत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। अब सिंगरौली केवल बिजली का कारख़ाना नहीं, बल्कि भारत के तकनीकी आत्मनिर्भरता का ‘नई उम्मीदों वाला केंद्र’ बनकर उभर रहा है। राज्यसभा में सरकार द्वारा दी गई जानकारी ने पूरे देश का ध्यान खींचा, जब बताया गया कि सिंगरौली कोलफील्ड में रेयर अर्थ एलिमेंट्स (REE) — यानी भविष्य की दुर्लभ धातुएं — मौजूद हैं। कोयले की परतों में 250 ppm और नॉन-कोल परतों में 400 ppm तक REE पाए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद अहम माने जाते हैं।
क्या है ये REE और क्यों हैं ये ज़रूरी?
REE यानी रेयर अर्थ एलिमेंट्स — जैसे यट्रियम, स्कैंडियम और लैंथेनाइड्स — वे तत्व हैं जो: मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक गाड़ियां,मिसाइलें, विंड टर्बाइन और हाईटेक डिवाइसेज़ जैसे उत्पादों में आवश्यक होते हैं। आज चीन दुनिया का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है, और भारत इनका अधिकांश हिस्सा आयात करता है। ऐसे में सिंगरौली में यह भंडार मिलना, एक बड़ा स्ट्रैटेजिक गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
‘वेस्ट’ से वैल्यू: कोयला अपशिष्ट में छिपी दौलत
कोल इंडिया लिमिटेड ने इस दिशा में कमर कस ली है। अपशिष्ट परतों से खनिज निकालने के लिए स्थानीय तकनीक विकसित की जा रही है। आयन-एक्सचेंज रेजिन तकनीक और फिजिकल सेपरेशन विधि से इन धातुओं को निकाला जाएगा। सरकार ने यह भी बताया कि पूर्वोत्तर भारत में भी जांच की गई, लेकिन सिंगरौली की परतें अधिक आशाजनक पाई गई हैं।
क्या बदल सकता है सिंगरौली का भविष्य?
खदान से सिर्फ कोयला नहीं, अब टेक्नोलॉजी की नींव रखने वाली धातुएं भी निकलेंगी,स्थानीय रोज़गार, तकनीकी शिक्षा, और औद्योगिक निवेश के अवसर बढ़ेंगे। सिंगरौली की पहचान वैश्विक मानचित्र पर तकनीकी हब के रूप में स्थापित हो सकती है।
कोयले की राख में छिपी है तकनीक की चिंगारी
यह खबर न केवल सिंगरौली बल्कि पूरे देश के लिए गुड न्यूज है। यह खोज बताती है कि “भारत के कोयला क्षेत्र अब सिर्फ ऊर्जा नहीं, तकनीक और रणनीति की शक्ति भी दे सकते हैं।” सिंगरौली, जो अब तक कोयले की धूल में सिमटा रहा, रेयर अर्थ एलिमेंट्स की चमक के साथ भारत के तकनीकी भविष्य को रौशन करने जा रहा है।



