जालौन

रिश्वत लेते सहायक विकास अधिकारी गिरफ्तार

एंटी करप्शन टीम की छापेमारी में धरा गया एडीओ

प्रधान प्रतिनिधि से ले रहा था 15 हजार रुपये की घूस
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई, जालौन। भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी(एंटी करप्शन टीम) इकाई ने बुधवार को डकोर विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी रमेश कुमार उदैनिया को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कोतवाली उरई के ग्राम मोखरी निवासी आकाश कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी। आकाश की माता गीता देवी ग्राम कुइया मजरा मौखरी की वर्तमान ग्राम प्रधान हैं। आकाश प्रधान प्रतिनिधि के रूप में ग्राम पंचायत के कार्यों की देखरेख करते हैं। शिकायत के अनुसार गांव में जलरोधक बांध निर्माण, पुलिया निर्माण और अस्थायी गौशाला के समतलीकरण के लिए मनरेगा और ग्राम निधि से कुल 8,55,000 रुपये स्वीकृत हुए थे। कार्य पूर्ण होने के बाद मजदूरों के खातों में भुगतान भी कर दिया गया था। इसके बाद सहायक विकास अधिकारी रमेश कुमार उदैनिया ने 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी। जब शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया तो अधिकारी ने अन्य लंबित भुगतान रोकने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। बुधवार दोपहर लगभग 3:15 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय डकोर परिसर से रमेश कुमार उदैनिया को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। रमेश कुमार उदैनिया ग्राम धन्तोली धनौरा जालौन के रहने वाले हैं और वर्तमान में उरई शहर के नया पाठकपुरा मैकेनिक नगर गेट के सामने निवास करते हैं। गिरफ्तारी के बाद सहायक विकास अधिकारी के खिलाफ थाना कोतवाली उरई में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी इकाई टीम का नेतृत्व निरीक्षक शादाब खान ने किया। टीम में श्याम सिंह, इरशाद खां, राहुल कुशवाहा, ओमकार सिंह, कमल, शिवम कुमार द्विवेदी और जितेन्द्र सिंह शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button