गाजियाबाद
लोनी में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : राम पार्क विस्तार स्थित शिव मंदिर प्रांगण में उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्राता समिति द्वारा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां समिति पदाधिकारियों ने उनका फूलमाला व ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में मनोज धामा ने कहा कि उत्तराखंड, जिसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है, देश का सिरमौर है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, शांति, अतिथि-सत्कार और भोजन विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। लोनी में उत्तराखंड के लोगों का निवास स्थानीय संस्कृति को और समृद्ध करता है।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करते हुए आकर्षक नृत्य व कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। मनोज धामा ने बच्चों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। समापन पर समिति ने उन्हें स्मृति चिन्ह, पटका और पारंपरिक टोपी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जयेन्द्र नेगी, उपाध्यक्ष ठाकुर सिंह राणा, महासचिव यशपाल नेगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ और पुरुष उपस्थित रहे।

