गोड्डा

1008 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा से गूंजा सरकंडा

बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। शहर के सरकंडा चौक स्थित नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। 1008 कन्याओं ने पारंपरिक भगवा वेशभूषा में कलश लेकर इस शोभायात्रा में भाग लिया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया। कलश यात्रा बाबा रत्नेश्वर धाम शिवपुर स्थित शिवगंगा तालाब से वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। कन्याओं ने पवित्र जल से कलश भरकर हटिया चौक, कारगिल चौक होते हुए सरकंडा चौक स्थित मंदिर प्रांगण तक शोभायात्रा निकाली। इस दौरान जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। मंदिर पूजा समिति की ओर से बताया गया कि यह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव 1 मई तक चलेगा। 30 अप्रैल को प्रतिमा का नगर भ्रमण निकाला जाएगा, जिसमें घोड़ा, गाजे-बाजे और मोटरसाइकिल जुलूस आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह यात्रा शिवपुर मंदिर, गोढ़ी चौक, गंगटा और भतडीहा दुर्गा मंदिर होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण लौटेगी। महोत्सव के अंतिम दिन 1 मई को वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा, हवन, पुष्पांजलि और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष मंच भी तैयार किया गया है। समिति ने प्रशासन से अनुमति और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सुख-समृद्धि और धार्मिक एकजुटता का प्रतीक है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button