अमरोहा
गंगा का जलस्तर बढ़ा, तिगरी गंगा धाम का मंदिर डूबा
बिजनौर बैराज से 1.80 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, अमरोहा में 24 गांवों में बाढ़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तिगरी गंगा धाम पर स्थित मंदिर आधा जलमग्न हो गया है। गंगा का वर्तमान जलस्तर 201.70 मीटर दर्ज किया गया है। खतरे का निशान 202.00 मीटर है।बिजनौर बैराज से एक लाख 80 हजार 252 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। तिगरी गंगा घाट और कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पूरी तरह डूब गए हैं। घाट पर स्थित अस्थाई दुकानें और पुरोहितों की झोपड़ियां भी जलमग्न हैं।मंडी धनौरा और हसनपुर तहसील के दो दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। सैकड़ों बीघा फसल प्रभावित हुई है। खेतों में चार फीट तक पानी भर गया है।पानी की तेज धार के कारण तिगरी गंगा धाम के बांध पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस को तैनात किया गया है। हरिद्वार और बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की संभावना है।
गंगा लगातार कर रही कटान
पहाड़ों से लेकर निचले इलाकों में लगातार बारिश के चलते गंगा नदी उफन पर है। मंडी धनौरा व हसनपुर तहसील क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। खेतों और गांवों में गंगा का पानी भर गया है। गंगा लगातार कटान कर रही है।
मंडी धनौरा के खादर क्षेत्र के गांव पपसरी खादर, मुकारमपुर, शाहजहांपुर छात, रानी बस्तौरा, विशावली, रमपुरा खादर, चांदरा फार्म, रसूलपुर भांवर सहित करीब 12 गांवों में बाढ़ का पानी घुस आया है। चकनवाला, अलीनगर, मुरादपुर, पपसरा खादर, तिगरी, मोहरका पट्टी, ओसीता जगदेवपुर व मोहम्मदाबाद के खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं।




