बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क, 26 जून को होगी मॉक ड्रिल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन, मानसून पूर्व जालौन में बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया और स्थानीय प्रशासन के साथ आगामी मॉक ड्रिल की रूपरेखा तय की।
कालपी नगर सहित यमुना किनारे बसे कई मोहल्ले व गांव हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित होते हैं। इस बार प्रशासन ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने किला घाट, पीला घाट और बाई घाट का दौरा किया।
26 जून को इन स्थानों पर एसडीआरएफ द्वारा मॉक ड्रिल की जाएगी। इसमें स्थानीय लोगों को बाढ़ के दौरान बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। आपदा के समय सूझबूझ और सतर्कता से जान-माल की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि मॉक ड्रिल में वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा में जनहानि को न्यूनतम रखना और राहत कार्यों को समयबद्ध रूप से संपन्न करना है।


