स्वच्छता व विकास योजनाओं की हुई समीक्षा, एक सप्ताह में योजनाएं पूर्ण करने का निर्दे
Sanitation and development plans reviewed, instructions to complete the plans within a week

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार। जिला के बारियातू प्रखण्ड सह- अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 के अन्तर्गत प्रखण्ड स्तरीय कार्यशाला सह जल जीवन स्वच्छता समिति की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीपीओ केतन गुप्ता ने की। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता प्रेरकों, जल सहिया, कनीय अभियंता सहित संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे। बैठक में स्वच्छता को लेकर चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।बीपीओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की दिशा में समुचित कार्य किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त हो सके। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सभी संबंधित पदाधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कार्यशाला के बाद मनरेगा योजना की साप्ताहिक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी मनरेगा कर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। बीपीओ ने कहा कि अधूरे पड़े कार्यों से ग्रामीणों में असंतोष की भावना पनप रही है, जिसे दूर करना आवश्यक है। योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। बैठक के दौरान ग्रामीण विकास विभाग की अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक समेत कई कर्मी उपस्थित रहे।



