झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से सशक्त बनाने की पहल, अमेरिका दौरे का मिला निमंत्रण
Initiative to empower Jharkhand's health services with technology, invitation received for US tour

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एवं विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को अमेरिकी हेल्थ टेक कंपनी ACTUVI के फाउंडर एवं सीईओ ड्रैगन स्मिथ द्वारा Dallas, Texas, United States के दौरे का औपचारिक निमंत्रण दिया गया है। प्रस्तावित दौरा मई माह में आयोजित होगा, जिसके दौरान उन्नत चिकित्सा अवसंरचना, डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम तथा एआई-आधारित डायग्नोस्टिक मॉडल का अध्ययन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य झारखंड में रोगों की शीघ्र पहचान, बेहतर उपचार प्रबंधन और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त, नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हेल्थ टेक्नोलॉजी समिट में भी झारखंड का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। इस मंच पर राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों और संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग और तकनीकी आदान-प्रदान से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।



