बेतुल
बैतूल माइम में राष्ट्रीय मंच के लिए चयनित हुई जेएच. कॉलेज की टीम
बेटियों की ताकत पर आधारित माइम राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित

बैतूल की टीम ज़ोन लेवल में नंबर वन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) में आयोजित ज़ोन लेवल यूथ फेस्टिवल 2025 में इस बार बैतूल जिले ने वह उपलब्धि हासिल की, जिसका वर्षों से इंतजार था। पीएम श्री जे.एच. कॉलेज बैतूल की माइम टीम ने पहली बार प्रथम स्थान प्राप्त कर सीधे राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर जिले का नाम चमका दिया। उल्लेखनीय है कि माइम एक प्रदर्शन कला है जिसमें कलाकार बिना बोले, हाव-भाव और शारीरिक हरकतों से भावनाओं और कहानियों को व्यक्त करते हैं। इस कला में, मौन अभिनय के माध्यम से संचार किया जाता है, जो गैर-मौखिक संचार पर बहुत अधिक निर्भर करता है।
टीम की प्रस्तुति का विषय था लड़कियां कमजोर नहीं हैं। माइम में दिखाया गया कि त्रेतायुग, द्वापरयुग से लेकर आधुनिक समय तक भले ही महिलाओं ने अत्याचार सहन किए हों, लेकिन जब अन्याय अपनी सीमा पार करता है तो वही नारी अपने रौद्र रूप में अत्याचार का अंत करती है। नारी शक्ति, साहस, आत्मनिर्भरता और जागरूकता के इस सशक्त संदेश ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
इस प्रभावी मूकाभिनय का निर्देशन लक्की इंगले और सोनू कुशवाह ने किया। मंच पर करन धाड़से, विवेक पवार, ऋषि कापसे, समीर वाड़ीवा, विष्णु धुर्वे और प्रेरणा सातपुते ने बेहद संयमित और भावपूर्ण अभिनय कर सभी का दिल जीत लिया। उनकी अभिव्यक्ति और प्रस्तुति ने जजों पर भी गहरी छाप छोड़ी।
प्रस्तुति की ऊर्जा और प्रभाव को सागर पांसे और अर्जुन धाड़से की संगीत संगत ने और अधिक मजबूत कर दिया। टीम की इस उपलब्धि के पीछे सोनू कुशवाहा, लक्की इंग्ले, रोहित कहार, भूपेंद्र मालवी और अक्षय मालवी, अमोल नागले, का विशेष सहयोग भी रहा, जिन्होंने हर कदम पर कलाकारों को दिशा दी।
टीम को मजबूत बनाने में नेताराम रावत, दिशा राठौर, रीतिशा खड़से, राज चंदेलकर, प्रतिभा कासदेकर, तनीषा गोहे, सुमित अहीरवार, अमित, पंकज नागले, प्रवीण परिहार, अंकित अंबुलकर, कुंज सरले, पीयूष लोनारे, अमन उइके, महादेव बेठे, विक्रम पहाड़े, आशीष ईडपाची और विन्नू धुर्वे का अहम योगदान रहा।



